गुलदार के हमले से दहली महिला, फिर दिखाई बहादुरी! दरांती से 4 वार कर बचाई जान

रुद्रप्रयाग। जंगल में अचानक सामने आए गुलदार का सामना करने वाली 64 वर्षीय महिला ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली....

गुलदार के हमले से दहली महिला, फिर दिखाई बहादुरी! दरांती से 4 वार कर बचाई जान
JJN News Adverties

रुद्रप्रयाग। जंगल में अचानक सामने आए गुलदार का सामना करने वाली 64 वर्षीय महिला ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली। घटना अगस्त्यमुनि क्षेत्र के पठालीधार से सटे कोटि गांव की है, जहां जंगल में घास काटने गई महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी दरांती से गुलदार पर वार किए, जिसके बाद वह मौके से भाग निकला।

झाड़ियों में छिपे गुलदार से हुआ सामना

जानकारी के अनुसार, कोटि गांव निवासी नारायणी देवी जंगल में घास काटने गई थीं। बताया जा रहा है कि गांव से करीब 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में छिपे गुलदार से उनका अचानक सामना हो गया। गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान नारायणी देवी ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ से काम लिया। उन्होंने अपनी दरांती से गुलदार पर लगातार चार वार किए। महिला के प्रतिरोध के बाद गुलदार वहां से भाग गया और नारायणी देवी किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचीं।

हाथ-पैर में आई चोटें

गुलदार के हमले में महिला के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

वन विभाग ने लिया घटना का संज्ञान

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के एसडीओ दिवाकर पंत अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।

JJN News Adverties