रूस के मॉस्को में उत्तराखंड के शेफ दीवान सिंह की अचानक मौत से टिहरी के देवट गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने केंद्र सरकार और S. Jaishankar से पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की मांग की है।
मास्को से एक बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां उत्तराखंड के एक भारतीय शेफ की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय दीवान सिंह के रूप में हुई है, जो टिहरी गढ़वाल जिले के भिलंगना ब्लॉक स्थित देवट गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, दीवान सिंह का 22 मई को रूस में अचानक निधन हो गया। इस खबर के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की मांग है कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जा सके।
इस मामले में सीता रावत सहित ग्रामीणों ने एकजुट होकर 23 मई को स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसे एस. जयशंकर को भी भेजा गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि रूस स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से पार्थिव शरीर को सुरक्षित भारत लाने की जल्द व्यवस्था की जाए।
वहीं प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। घनसाली एसडीएम ने ज्ञापन को जिलाधिकारी टिहरी को अग्रसारित कर आगे की प्रक्रिया तेज कर दी है।
फिलहाल पूरा गांव और परिवार सरकार से जल्द मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।