टिहरी के चंबा-कोटी मार्ग पर बस और कार की जोरदार भिड़ंत, 5 लोग घायल। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, सभी की हालत स्थिर, हादसे की जांच जारी।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
यह हादसा नैल गांव के पास हुआ, जिसमें कार सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज बस रजाखेत से देहरादून की ओर जा रही थी, जबकि कार चंबा से कोटी कॉलोनी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने भिड़ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।