मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला के रामनगर पहुंचने पर मीडिया कर्मियों ने उनका स्वागत किया और मीडिया सेंटर की स्थापना समेत कई अहम मांगें उनके सामने रखीं...
रामनगर में पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठी। दरअसल, शुक्रवार को उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला के रामनगर पहुंचने पर मीडिया कर्मियों ने उनका स्वागत किया और मीडिया सेंटर की स्थापना समेत कई अहम मांगें उनके सामने रखीं।
वही मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने रामनगर में स्थायी मीडिया सेंटर बनाने की मांग उठाई। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक' और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले भी मीडिया सेंटर की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब तक यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके अलावा पत्रकारों ने तहसील स्तर पर मान्यता, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, अन्य राज्यों की तर्ज पर सुविधाएं और राज्य अतिथि गृहों व सरकारी गेस्ट हाउस में रियायत जैसी कई मांगें भी रखीं।
वही पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ध्रुव रौतेला ने मौके पर ही जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने सिंचाई विभाग की निष्प्रयोज्य भूमि पर अस्थायी मीडिया सेंटर बनाने की दिशा में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य लंबित मांगों को भी सरकार के स्तर पर उठाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया।