रामनगर में हाल ही में हुई दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। दरअसल, बीते दिनों कोसी बैराज क्षेत्र में नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की मौत हो गई थी....
रामनगर में हाल ही में हुई दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। दरअसल, बीते दिनों कोसी बैराज क्षेत्र में नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की मौत हो गई थी। इसी के बाद पुलिस और प्रशासन ने प्रतिबंधित क्षेत्रों में नदी में उतरने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एसडीएम गोपाल सिंह चौहान और कोतवाल सुशील कुमार ने कोसी बैराज क्षेत्र का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान 17 वाहनों के चालान किए गए, जुर्माना वसूला गया। साथ ही 5 वाहनों को सीज किया और 5 वाहनों के ऑनलाइन चालान भी किए गए हैं। वहीं एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि अब कोसी नदी और गर्जिया मंदिर क्षेत्र में नदी में नहाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा इन संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस जवानों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही प्रशासन ने सिंचाई विभाग और वन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और कहाँ है कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ये अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।