ऊधमसिंह नगर में जमीन विवाद बना जानलेवा, बुजुर्ग किसान की संदिग्ध मौत से हड़कंप। परिजनों ने भू-माफिया और मिलीभगत के आरोप लगाए, प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाया, जांच जारी।
ऊधम सिंह नगर से एक बार फिर जमीन विवाद और भू-माफियाओं की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मामला खड़गपुर देवीपुरा गांव का है, जो आईटीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां 80 वर्षीय किसान ओमप्रकाश की मौत को परिजन जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मानसिक आघात का परिणाम बता रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि एक अधिवक्ता और उसके साथियों ने पुलिस की मिलीभगत से उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी थी। अपनी जीवन भर की कमाई को यूं छिनता देख बुजुर्ग गहरे सदमे में चले गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और मौके पर ही भूमि की पैमाइश की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और जांच के दौरान कब्जा गलत पाए जाने पर अवैध बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद ही परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी क्षेत्र में किसान सुखवंत सिंह ने भी कथित तौर पर भू-माफियाओं से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। ऐसे में एक बार फिर सिस्टम और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।