रामनगर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की हड़ताल को सभासदों का समर्थन, सरकार पर अनदेखी के आरोप। चेतावनी—मांगें न मानी गईं तो आंदोलन होगा उग्र, सड़क से सदन तक लड़ाई की तैयारी।
रामनगर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों को लेकर जारी हड़ताल अब तेज होती नजर आ रही है। बीते 2 अप्रैल से धरने पर बैठी कार्यकत्रियों को अब जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है।
मंगलवार को नगर पालिका के सभासद धरना स्थल पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद कार्यकत्रियां अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी सुध लेने कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
सभासद तनुज दुर्गापाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी और पुतला दहन जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।
फिलहाल आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना जारी है और सभी की नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।