उत्तराखंड के काशीपुर से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां फैक्ट्री लगाने का सपना दिखाकर एक कारोबारी से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है...
उत्तराखंड के काशीपुर से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां फैक्ट्री लगाने का सपना दिखाकर एक कारोबारी से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है।
दरअसल, दिल्ली की एक कंपनी के डायरेक्टर संजीव गोयल ने काशीपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड में अपनी कंपनी की यूनिट स्थापित करने के लिए उन्होंने महुआखेड़ा गंज निवासी रिजवान अंसारी के साथ जमीन, प्लांट और मशीनरी खरीदने का सौदा किया था।
शिकायत के अनुसार, उन्होंने जमीन और फैक्ट्री से जुड़े सौदे में अलग-अलग माध्यमों से करोड़ों रुपये का भुगतान किया। साथ ही फैक्ट्री में काम शुरू करने के लिए मशीनों और मरम्मत पर भी बड़ी रकम खर्च की गई।
आरोप है कि बाद में जमीन की कीमत बढ़ने पर आरोपी ने सौदे की राशि बढ़ाने का दबाव बनाया। जब बैनामा कराने की बात हुई तो बताया गया कि जमीन बैंक में गिरवी रखी गई है और उसे हस्तांतरित नहीं किया जा सकता। पीड़ित का दावा है कि इसके बाद उन्हें फैक्ट्री खाली करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
संजीव गोयल के मुताबिक, जून 2023 में फैक्ट्री खाली करने के बाद आरोपियों ने करीब 4 करोड़ 25 लाख रुपये लौटाने का वादा किया था, लेकिन अब तक रकम वापस नहीं की गई।
फिलहाल पुलिस ने रिजवान अंसारी और मुन्ना अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस पूरे मामले में सच्चाई क्या है और करोड़ों रुपये के इस विवाद का आखिरकार क्या नतीजा निकलता है।