मोबाइल में एक एप्लीकेशन डाउनलोड हुई और देखते ही देखते खाते से गायब करीब 2 लाख 95 हजार रुपये की अनाधिकृत निकासी हो चुकी थी...
मोबाइल में एक एप्लीकेशन डाउनलोड हुई और देखते ही देखते खाते से लाखों रुपये गायब हो गए। रुद्रपुर से सामने आया ये मामला एक बार फिर साइबर अपराधियों के नए तरीकों को उजागर कर रहा है। जानकारी के मुताबिक कौशल्या इंक्लेव निवासी राकेश काण्डपाल ने जब अपने मोबाइल पर ईमेल चेक की, तो उन्हें एसबीआई खाते से संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना मिली। इसके बाद जब उन्होंने अपने बैंक खातों की जांच की तो उनके होश उड़ गए। वही राकेश के मुताबिक एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक के खातों से कुल करीब 2 लाख 95 हजार रुपये की अनाधिकृत निकासी हो चुकी थी।
हैरानी की बात ये रही कि उन्हें किसी भी ट्रांजेक्शन का कोई मैसेज या अलर्ट तक प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने अपने मोबाइल की जांच की, तो उसमें 'गूगल वीडियो' नाम की एक संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड मिली। बताया जा रहा है कि यही एप्लीकेशन मोबाइल को स्लो और हैंग भी कर रही थी। जिसके बाद पीड़ित ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के साथ पुलिस से धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।