रामनगर में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर भवानीगंज में नालों पर बनी स्लैब व टीन शेड हटाए। विरोध के बीच कार्रवाई जारी रही, अधिकारियों ने जलभराव रोकने को जरूरी बताया।
रामनगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। मंगलवार को रामनगर–काशीपुर मार्ग के भवानीगंज क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कई अतिक्रमणों को हटाया।
अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से नालों के ऊपर डाली गई पक्की स्लैब और टीन शेड को तोड़ दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ स्थानों पर टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन कार्रवाई बिना रुके जारी रही।
मौके पर एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सीओ सुमित पांडे और ईओ आलोक उनियाल स्वयं मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते नजर आए।
अधिकारियों के अनुसार, बरसात के मौसम को देखते हुए नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाना बेहद जरूरी था, क्योंकि इससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में यातायात और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सके।