रुद्रपुर में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भूरारानी क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया है...
रुद्रपुर में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भूरारानी क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में करीब 7 एकड़ भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया।
जानकारी के मुताबिक, पदम सिंह, गिरीश जोशी, राजेंद्र सिंह कनवाल और इंद्र सिंह कनवाल द्वारा बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला प्राधिकरण के संज्ञान में आया था। वहीं मामले की सुनवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए थे।
हालांकि, आदेशों के बावजूद संबंधित लोगों द्वारा निर्माण और विकास कार्य जारी रखा गया। जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसी दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों, पुलिस बल और कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए कॉलोनी में बनाए गए अवैध निर्माण, सड़कें और अन्य विकास कार्यों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
फिलहाल, प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध निर्माण और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।