खटीमा-सितारगंज हाईवे पर कार और बाइक की टक्कर के बाद आग लग गई। बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कार सवार मौके से फरार हो गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधमसिंह नगर जिले के खटीमा-सितारगंज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को विडौरा-मझोला क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तो वही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और दिल्ली नंबर की मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार ओर बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी बाइक सवार युवकों को नहीं बचा सके। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोगों को आग फैलने से पहले बाहर निकलने का मौका मिल गया, लेकिन हादसे के बाद कार चालक और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।तो वही घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सामान्य कराया। बता दे पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस दिल्ली नंबर की मोटरसाइकिल के पंजीकरण के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं फरार कार चालक और उसके साथी की तलाश भी तेज कर दी गई है।