काशीपुर में गैस सिलेंडर में आग लगने से घर का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने में महिला समेत 2 लोग झुलसे। वहीं शंकरपुरी की झोपड़ी में भी आग लगी, फायर टीम ने काबू पाया।
काशीपुर से शनिवार सुबह आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पहली घटना मोहल्ला दिल्ला सिंह की है, जहां शाहिद हुसैन के घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।
जानकारी के मुताबिक, आग में कपड़े, बर्तन, टीवी समेत कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए। जैसे ही घर से धुआं उठता दिखाई दिया, घर की मालकिन रोशन जहां ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
इसी दौरान रोशन जहां और मोहल्ले के युवक गोलू ने बहादुरी दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के हाथ झुलस गए। कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं दूसरी घटना शंकरपुरी हाइडिल कार्यालय के पीछे बनी एक झोपड़ी में हुई, जहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हाई प्रेशर पंप की मदद से आग बुझाई गई। हालांकि आग में झोपड़ी के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल अग्निशमन विभाग दोनों घटनाओं में हुए नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि पुलिस और प्रशासन को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।