फर्जी शस्त्र लाइसेंस के जरिए हथियार हासिल करने के मामले में काशीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, एसओजी जांच में पंजाब से जारी बताए गए कई शस्त्र लाइसेंस फर्जी पाए गए हैं....
फर्जी शस्त्र लाइसेंस के जरिए हथियार हासिल करने के मामले में काशीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, एसओजी जांच में पंजाब से जारी बताए गए कई शस्त्र लाइसेंस फर्जी पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, एसओजी ने पंजाब के तरनतारन जिले से जारी बताए गए कुछ शस्त्र लाइसेंसों की जांच कराई थी। वहीं जांच के दौरान संबंधित लाइसेंसों और धारकों का विवरण तरनतारन जिला प्रशासन को भेजा गया। इसमें जिला प्रशासन से मिले जवाब में साफ हुआ कि ये लाइसेंस उनके कार्यालय से कभी जारी ही नहीं किए गए थे। जिसके बाद एसओजी ने सभी लाइसेंसों को फर्जी मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की।
इसी क्रम में कुंडा थाना पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।