उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी, कई शहरों में पारा 40 पार, लू जैसे हालात। 24 अप्रैल से पहाड़ों में मौसम बदलेगा, बारिश-बर्फबारी के आसार, स्कूल टाइमिंग में बदलाव।
उत्तराखंड में गर्मी का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। जहां पहाड़ी जिलों में मौसम अभी भी राहतभरा बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 24 अप्रैल से पहाड़ी क्षेत्रों में बदलाव के संकेत हैं।
मैदानी इलाकों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाजपुर और किच्छा में पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि रामनगर, काशीपुर और रुड़की में तापमान 41 डिग्री के आसपास रहा। हल्द्वानी में 38 डिग्री और देहरादून में 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे लू जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
हीट वेव की चेतावनी को देखते हुए ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 22 अप्रैल से एक सप्ताह तक आंगनबाड़ी और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 से 11 बजे तक चलेंगी, जबकि कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे।
प्रशासन ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, अधिक पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।