उधम सिंह नगर में महिला ने पति और देवर पर दुष्कर्म व मारपीट का आरोप लगाया। पुलभट्ठा थाना क्षेत्र में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने ही पति और देवर पर दुष्कर्म और मारपीट के आरोप लगाए हैं। यह मामला पुलभट्ठा थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के अनुसार, 9 अप्रैल की रात उसका देवर शराब के नशे में उसके कमरे में घुस आया और गलत हरकत करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो उसने अपने पति को फोन कर पूरी बात बताई। लेकिन अगले दिन जब पति घर पहुंचा, तो उसने पत्नी का साथ देने के बजाय देवर का साथ दिया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे जबरन नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने बताया कि वह लगातार विरोध करती रही, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद उसने 11 अप्रैल को अपने मायके वालों को पूरी घटना बताई। जब परिवार वाले ससुराल पहुंचे, तो वहां उनके साथ मारपीट की गई और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।