रामनगर नगर पालिका प्रशासन ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों पर सख्ती दिखाई, अभियान के दौरान पालिका की टीम मुर्गा मार्केट पहुंची, जहां से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया..
रामनगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर पालिका प्रशासन ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों पर सख्ती दिखाई। आपको बतादे कीअभियान के दौरान पालिका की टीम सबसे पहले मुर्गा मार्केट पहुंची, जहां सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान कई लोगों का सामान भी जब्त किया गया। वहीं गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला गया। इसके बाद पालिका टीम ने फड़ बाजार और मुख्य बाजार क्षेत्र में भी अभियान चलाया। वहाँ भी अवैध रूप से रखे गए सामान को हटाने के साथ कई लोगों को चेतावनी दी गई।
वहीं मोहल्ला मोतीमहल क्षेत्र में नजूल भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। साथ ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और वहां बेंच समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वही पालिका प्रशासन ने साफ किया है कि नगर में अवैध अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।