उत्तराखंड में मौसम का अंदाज़ लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है....
उत्तराखंड में मौसम का अंदाज़ लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही चंपावत और ऊधम सिंह नगर से सड़कें बंद होने और राहत कार्यों की तस्वीरें सामने आई हैं।
चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में बाराकोट ब्लॉक की चौमेल मोटर रोड पर तेज आंधी और बारिश के कारण चीड़ और सुरई के दो बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए। साथ ही यातायात करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा। हालांकि सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों को हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु कराया।
वहीं ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में भी तूफान का असर देखने को मिला। जहाँ खटीमा-मझोला रोड पर कई पेड़ और बिजली के पोल गिरने से नेशनल हाईवे करीब पांच घंटे तक बाधित रहा। इसी दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं तेज हवा के बीच एक विशाल पेड़ डंपर पर भी गिर गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
इसके अलावा कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से सड़क से पेड़ और मलबा हटाकर यातायात को फिर से बहाल किया गया।
अभी के लिए मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।