किच्छा में 12 साल के मासूम की 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत। पतंग उठाने छत पर गया था बच्चा, इलाके में शोक और बिजली सुरक्षा पर सवाल।
ऊधमसिंहनगर के किच्छा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, किच्छा की विकास कॉलोनी में 12 साल के बालक राज की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राज चौथी कक्षा का छात्र था और शनिवार को अपने घर के पास खेल रहा था। वही खेलते समय उसकी पतंग पड़ोस की एक छत पर जाकर गिर गई और मासूम राज जब पतंग उठाने के लिए छत पर चढ़ा, तभी वो वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट लगते ही वो गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद लाइन ट्रिप हो गई और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों तुरंत बच्चे को छत से नीचे उतारकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा की राज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। पूरे इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में बिजली की हाईटेंशन लाइन के नीचे मकान बने होने के कारण पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ये घटना एक बार फिर बिजली व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है।