किच्छा में तेल मिल मालिक के सूने घर में लाखों की चोरी, चोर DVR भी ले गए; CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज, चार टीमें गठित।
उधम सिंह नगर के किच्छा से बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जहाँ चोरों ने एक तेल मिल मालिक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान को चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि रुद्रपुर रोड स्थित तेल मिल मालिक राजेंद्र गोयल अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए रामनगर गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सोमवार को वापस लौटने पर परिवार ने देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने घर के सभी कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके। हालांकि, आसपास लगे कैमरों में रविवार तड़के करीब 2 बजकर 45 मिनट पर दो बाइक सवार संदिग्ध घर के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। फिलहाल, चोरी के खुलासे के लिए एसओजी समेत चार टीमों का गठन किया गया है और पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।