ऊधमसिंहनगर के गदरपुर में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने नकली नोटों के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4.54 करोड़ रुपये की फर्जी करेंसी बरामद की है।
उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। गदरपुर पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत नकली नोटों के बड़े कारोबार का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की नकली करेंसी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पंचपुरी गूलरभोज क्षेत्र में संदिग्ध नोटों का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सैफ्टा फार्म रोड स्थित एक खोखे पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नोटों की गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट लगाते थे, जबकि नीचे “चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया” लिखे नकली नोट रखते थे, ताकि लोगों को आसानी से झांसे में लिया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाजपुर निवासी मुनतियाज और गदरपुर निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।