रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी युवक कथित तौर पर उसे केरल ले जाने की फिराक में था।
रामनगर से एक नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर केरल ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि, रामनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी की योजना समय रहते नाकाम कर दी गई और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
दरअसल, किशोरी के परिजनों ने पुलिस में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि रामनगर का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दिल्ली से केरल जाने वाली ट्रेन में टिकट भी बुक कर रखा था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।।