बाबा केदार के दर्शन के लिए आई एक युवती की हादसे में मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए...
केदारनाथ यात्रा मार्ग से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बाबा केदार के दर्शन के लिए आई एक युवती की हादसे में मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। इस घटना के बाद यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, रुद्रप्रयाग जिले के चीरबासा क्षेत्र में श्रद्धालु केदारनाथ धाम की ओर पैदल यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। वही पत्थरों की चपेट में आने से ऊधमसिंहनगर जिले के सितारगंज स्थित शक्ति फार्म निवासी मीनाक्षी रौतेला गंभीर रूप से घायल हो गईं। और दो अन्य श्रद्धालु भी इस हादसे में चोटिल हुए।
वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मीनाक्षी रौतेला की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार घायल श्रद्धालुओं का उपचार जारी है। इस दुखद हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन ने यात्रियों से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।