रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो से ज्यादा गांजे के साथ आरोपी कादिर को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, नशे के खिलाफ अभियान जारी।
रामनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक यूनियन के पास एक खाली प्लॉट में छापेमारी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 9 किलो 334 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सुमित पांडे के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर के रूप में हुई है, जो रामनगर के गूलरघट्टी क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।