रामनगर के ग्राम चोपड़ा में महिला पर हमला कर दहशत फैलाने वाला गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया है....
रामनगर के ग्राम चोपड़ा में महिला पर हमला कर दहशत फैलाने वाला गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया है। बता दे रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के ग्राम चोपड़ा में 18 जून को उस समय हड़कंप मच गया था जब गांव की निवासी उमा देवी जंगल से सटे सिंचाई गूल से पानी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने इलाके में पिंजरा और कैमरा ट्रैप लगाए तथा गुलदार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी शुरू कर दी।
वही पिंजरे में मांस रखकर गुलदार को आकर्षित करने की रणनीति बनाई गई। कई दिनों की मेहनत के बाद आज गुलदार मांस के लालच में पिंजरे के भीतर पहुंच गया और कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
इसके साथ ही उप प्रभागीय वनाधिकारी अंकित बडोला ने बताया कि पकड़े गए गुलदार की उम्र करीब चार से पांच वर्ष आंकी गई है। प्रारंभिक जांच के बाद उसे कॉर्बेट रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच और निगरानी की जाएगी।
वन विभाग ने गुलदार के डीएनए सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला पर हमला करने वाला यही गुलदार था या नहीं। विभाग के अनुसार ये गुलदार पहले भी कई बार कैमरा ट्रैप में कैद हो चुका है।