उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में एक चौंकाने वाला हादसा हुआ, जहां स्कूटी सवार महिला हाईवे पर हाथी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का दांत तक टूट गया।
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। चकरपुर-बनबसा हाईवे पर स्कूटी से स्कूल जा रही एक शिक्षिका की अचानक सड़क पार कर रहे हाथी से टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि हाथी का एक दांत टूटकर सड़क पर गिर गया, जबकि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका निकिता कापड़ी टनकपुर से खटीमा स्थित एक निजी स्कूल जा रही थीं। जैसे ही वह जंगल वाले इलाके में पहुंचीं, तभी अचानक एक हाथी सड़क पार करने लगा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, उनकी स्कूटी सीधे हाथी से जा टकराई। टक्कर के बाद शिक्षिका सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के समय पीछे आ रहे लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। घायल शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वन विभाग के अनुसार, यह इलाका हाथी कॉरिडोर में आता है और यहां अक्सर हाथियों की आवाजाही रहती है। अधिकारियों ने लोगों से जंगल वाले रास्तों पर सावधानी और धीमी रफ्तार में वाहन चलाने की अपील की है।