रॉन्ग साइड का कहर! दो घरों के बुझ गए चिराग

लालकुआं में 3 जुलाई को हुए सड़क हादसे में घायल अयान खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले सिद्धार्थ सिंह की मौत हो चुकी थी। छह दिनों के भीतर दो दोस्तों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

रॉन्ग साइड का कहर! दो घरों के बुझ गए चिराग
JJN News Adverties

लालकुआं में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज छह दिन के भीतर एक ही मोहल्ले के दो युवकों की मौत से हर आंख नम है और माहौल गमगीन बना हुआ है।


दरअसल, 3 जुलाई की शाम सिद्धार्थ सिंह और अयान खान बाइक से हल्द्वानी गए थे। हालांकि, लौटते समय गोरापड़ाव हाईवे पर रॉन्ग साइड से आए एक कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


इसके बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिद्धार्थ सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अयान खान की हालत नाजुक होने के कारण उसे पहले हल्द्वानी और फिर बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था।


लेकिन, आखिरकार बुधवार सुबह अयान भी जिंदगी की यह जंग हार गया और उसने अंतिम सांस ली। इस तरह, छह दिन के भीतर दो दोस्तों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

 

बताया जा रहा है कि अयान ने हाल ही में इंटर की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। वहीं, सिद्धार्थ भी पढ़ाई के साथ-साथ कराटे में प्रतिभाशाली खिलाड़ी था।


जैसे ही अयान का शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले की आंखें नम हो गईं। एक ही साथ दो होनहार युवकों की असमय मौत ने लालकुआं में शोक की लहर दौड़ा दी है।

JJN News Adverties