खटीमा के इंटर कॉलेज में शिक्षक पर छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, हंगामा। आरोपी शिक्षक निलंबित, पुलिस हिरासत में लेकर POCSO एक्ट में कार्रवाई की तैयारी।
उत्तराखंड के खटीमा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चकरपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में खेल शिक्षक सुखविंदर सिंह पर एक छात्रा की अश्लील वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है।
जैसे ही यह मामला सामने आया, ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते स्कूल परिसर में भीड़ जुट गई और लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा, जहां उन पर आरोपी को संरक्षण देने के आरोप लगाए गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी शिक्षक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आरोपी को तत्काल निलंबित कर दिया है। साथ ही लापरवाही बरतने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।