रामनगर की आशियाना कॉलोनी के लोगों ने आरटीआई कार्यकर्ता पर धमकी, पैसों की मांग और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालकर परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Ramnagar से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक कॉलोनी के लोगों ने मिलकर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
दरअसल, शनिवार को रामनगर के भवानीगंज गूलरघटटी रोड स्थित आशियाना कॉलोनी के कई लोग कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने आरटीआई कार्यकर्ता अजीम खान के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाल सुशील कुमार को लिखित तहरीर सौंपी।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आरोपी उनसे पैसे की मांग करता है और मांग पूरी न होने पर मकान तुड़वाने की धमकी देता है। लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
इसके अलावा कॉलोनी के लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक और गलत पोस्ट साझा कर रहा है। वह लगातार यह दावा कर रहा है कि यह कॉलोनी रोडवेज की जमीन पर अवैध रूप से बनी हुई है।
हालांकि, कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस मामले में पहले से अदालत में केस चल रहा है, इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। ऐसे में लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस संबंध में एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा गया है।
वहीं कोतवाल सुशील कुमार ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।