हैदराबाद में हुई करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी का मामला अब उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद सुर्खियों में है...
हैदराबाद में हुई करीब 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी का मामला अब उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद सुर्खियों में है। दरअसल, चोरी के आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही ऊधमसिंहनगर पुलिस ने उनका रास्ता रोक दिया।
बताया जा रहा है कि तेलंगाना के एक आईपीएस अधिकारी से मिली गोपनीय सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने खुद देर रात मोर्चा संभाला और विशेष अभियान शुरू कराया। इसके बाद एसओजी और स्थानीय पुलिस टीमों को सक्रिय करते हुए रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान एक संदिग्ध बस को रोककर जांच की गई, जिसमें यात्रा कर रहे नेपाली मूल के तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जिसके बाद पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह पूरा ऑपरेशन तेज सूचना तंत्र, अंतर्राज्यीय समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि इस सफलता के बाद पुलिस टीम की सराहना भी की जा रही है।