रामनगर के ग्राम जस्सागांजा में छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
रामनगर से इस वक्त एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है, जहां छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान चाकू और लोहे के कड़ों से हमला किया गया, जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरअसल, मंगलवार दोपहर ग्राम जस्सागांजा क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के कई युवकों ने दो छात्रों पर कथित तौर पर चाकू और लोहे के कड़ों से हमला कर दिया। घटना में नीरज कुमार और राहुल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत भी देखने को मिली। घायल छात्रों ने पुलिस को कुछ आरोपियों के नाम बताए हैं। मामले में कोतवाल सुशील कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।