ऊधम सिंह नगर पुलिस ने विशेष अभियान में 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए। 94 लाइसेंस और 119 हथियार पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। मामले की जांच जारी है।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने फर्जी और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा सत्यापन अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए गए हैं। तो वही पुलिस ने 94 लाइसेंस अपने कब्जे में ले लिए हैं, जबकि 119 हथियार संबंधित थानों में जमा करा दिए गए हैं।
मामले की गहन जांच जारी है। वही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने पूरे जनपद में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। यह अभियान जून महीने में कुंडा थाना क्षेत्र में फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का खुलासा होने के बाद शुरू किया गया था।
उस कार्रवाई में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी और उनके पास से चार हथियार तथा दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए थे। बता दे विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि जिले में बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से जारी कई शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और इस्तेमाल किए जा रहे थे, जिनकी वैधता संदिग्ध पाई गई।
इसके बाद 25 जून को एसएसपी अजय गणपति ने जिले स्तर पर विशेष सत्यापन अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।बता दे अभियान के तहत अब तक 678 शस्त्र लाइसेंसों में से 626 का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि 52 लाइसेंसों का सत्यापन अभी बाकी है।
सबसे अधिक कार्रवाई बाजपुर, केलाखेड़ा, गदरपुर, जसपुर, कुंडा, काशीपुर, सितारगंज और नानकमत्ता क्षेत्रों में की गई, जहां बड़ी संख्या में संदिग्ध लाइसेंस और हथियार पुलिस के कब्जे में लिए गए।जानकारी के मुताबिक एसएसपी अजय गणपति का कहना है कि फर्जी, संदिग्ध या नियमों के विरुद्ध जारी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।