रामनगर के शिवलालपुर चुंगी में तेज रफ्तार स्कूल वैन ने ड्यूटी से लौट रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक के हाथ-पैर में कई फ्रैक्चर आए हैं, जिसे गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया।
रामनगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सड़क पर देखने को मिला। शिवलालपुर चुंगी क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी से घर लौट रहे युवक को स्कूल वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे हायर सेंटर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक खीमपुर गैबुआ निवासी करीब 40 वर्षीय शंकरदत्त पांडेय सुबह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूल वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें और कई फ्रैक्चर पाए गए हैं, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया।
वहीं लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।