रामनगर बीडीसी बैठक में अव्यवस्था पर सीडीओ अरविंद पांडे ने अधिकारियों को फटकार लगाई। अनुपस्थित अफसरों पर कार्रवाई की चेतावनी दी, जनप्रतिनिधियों ने भी लापरवाही पर नाराजगी जताई।
रामनगर विकासखंड सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक के दौरान अव्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जमकर नाराजगी जताई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे स्वयं मौजूद रहे, जहां सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और कई बार अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते, जिससे जनता की समस्याएं लंबित पड़ी रहती हैं। बैठक में ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने भी विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की।
सबसे अहम बात यह रही कि कई विभागों के अधिकारी बैठक से अनुपस्थित रहे, जिस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक घंटे के भीतर सभी अनुपस्थित अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि जनप्रतिनिधियों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।