रुद्रपुर में युवक के घर में घुसने पर विवाद, धर्म की जानकारी के बाद बढ़ा तनाव। भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने पहुंचकर हालात संभाले और युवक को हिरासत में लिया।
रुद्रपुर में खटीमा के एक युवक के महिला के घर में घुसने पर विवाद खड़ा हो गया। युवक के दूसरे धर्म का होने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया, लेकिन युवक लगातार हंगामा करता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती की थी। बाद में जब उसे युवक के दूसरे धर्म के बारे में पता चला तो उसने बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि सोमवार रात युवक उसके घर पहुंच गया और हंगामा करने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर एसआई कीर्ति भट्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। युवक को हल्की चोटें आई थीं, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह शांत नहीं हुआ।
थाना प्रभारी मोहन पांडेय ने बताया कि आरोपी की पहचान खटीमा निवासी सोहेल के रूप में हुई है। वहीं, महिला और उसके परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने के संबंध में थाना ट्रांजिट कैंप में लिखित आवेदन दिया है।