SDM ऋचा सिंह के नेतृत्व में की गई गुप्त जांच में महिला पटवारी को मरीज बनाकर भेजा गया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अस्पताल को सील कर दिया।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में प्रशासन ने एक अवैध अस्पताल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पूरे मामले का खुलासा एक सीक्रेट प्लान के जरिए हुआ, जिसकी अगुवाई SDM ऋचा सिंह ने की। दरअसल दिनेशपुर में प्रशासन को शिकायत मिली थी कि अस्पताल में बिना वैध अनुमति के इलाज किया जा रहा है और कुछ गैरकानूनी गतिविधियों के संचालन की भी आशंका है। वही सच्चाई सामने लाने के लिए प्रशासन ने एक खास योजना बनाई। जिसमे तहसील की एक महिला पटवारी को मरीज बनाकर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के भीतर पहुंचकर उन्होंने वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जहां जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। साथ ही अस्पताल प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति पत्र दिखाने में नाकाम रहा। सूचना पुख्ता होने के बाद एसडीएम ऋचा सिंह, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल पर छापा मारा। जिससे अचानक हुई कार्रवाई से अस्पताल में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान जब अस्पताल संचालक वैध कागजात पेश नहीं कर सका तो प्रशासन ने तत्काल अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही या गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वही इस कार्रवाई ने एक बार फिर अवैध रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्यशैली को उजागर किया है।