गंगोत्री-यमुनोत्री में गैर-हिंदुओं के प्रवेश प्रतिबंध के फैसले का उत्तरकाशी में विरोध शुरू कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे गलत बताते हुए कहा कि इससे विदेशों में काम कर रहे भारतीय युवाओं पर असर पड़ सकता है
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में गैर हिंदू लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के मंदिर समिति के फैसले के खिलाफ उत्तरकाशी से विरोध के स्वर उठने लगे हैं। जहाँ कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष ने इस फैसले को गलत बताते हुए कहा कि ये कदम आने वाले समय में अरब देशों में नौकरी कर रहे भारतीय युवाओं के लिए खतरे की घंटी हो सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के हजारों युवा कई अरब देशों में रोजगार कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष का कहना है कि जब ये खबर वहां पहुंचेगी, तो वहां के गैर हिंदू समुदाय भी इसका विरोध कर सकते हैं। इससे भारतीय युवाओं की प्रतिष्ठा और वहां उनके कामकाजी संबंध प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने ये भी चेतावनी दी कि इस तरह का फैसला गंगा-यमुना की तहजीब और धार्मिक सौहार्द्र पर भी धब्बा डालने का काम करेगा। बता दे जिला अध्यक्ष ने प्रशासन और मंदिर समिति से अपील की कि इस मामले में पुनर्विचार किया जाए और धर्मस्थलों को सभी के लिए खुला रखा जाए। तो वही स्थानीय समाजिक संगठनों ने भी इस फैसले पर चिंता जताई है और इसे धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से संवेदनशील बताया है। बहराल इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं, और नागरिक समाज से लेकर राजनीतिक दलों में भी प्रतिक्रिया जारी है।