उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में बड़ी कार्रवाई, स्कूलों से गायब 3 शिक्षक निलंबित। निरीक्षण में फंड गड़बड़ी भी उजागर, शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच तेज की।
उत्तरकाशी जिले से शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां स्कूलों से गायब रहने वाले तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। यह मामला मोरी ब्लॉक का है, जहां निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जानकारी के मुताबिक, जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सुदूर इलाकों के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय दौणी और सट्टा में दो शिक्षक ड्यूटी से गायब पाए गए। इतना ही नहीं, इन स्कूलों में सरकारी फंड के इस्तेमाल में भी गड़बड़ी मिली है। इसके अलावा, राजकीय इंटर कॉलेज दौणी में भी एक शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। लापरवाही को देखते हुए तीनों शिक्षकों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, एक अन्य स्कूल में शिक्षा मित्र से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है, क्योंकि वह बिना मंजूरी के छुट्टी लेकर स्कूल नहीं पहुंचे थे।
शिक्षा विभाग ने साफ कहा है कि इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है, क्योंकि शिक्षकों की गैरमौजूदगी से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा था। अब विभाग इन स्कूलों में फंड की गड़बड़ी की भी गहराई से जांच करने की तैयारी में है।