पिथौरागढ़. उत्तराखंड में बकरी अनुसंधान केंद्र खुलने जा रहा है. प्रदेश सरकार ने प्रस्तावित ज़मीन के निरीक्षण के लिए बुधवार को पंतनगर के वैज्ञानिकों की टीम भी भेजी थी. जिसने केंद्र के निर्माण के लिए सरकार को हरी झंडी दे दी हैं. प्रदेश का पहला बकरी अनुसंधान एवं प्रजनन केंद्र पिथौरागढ़ जिले में खुलेगा। जहां राज्य में विकसित बकरी प्रजाति के साथ ही देश को दो अन्य महत्वपूर्ण प्रजातियों पर शोध होगा।
दैनिक जागरण में छपी खबर के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिथौरागढ़ जिले के मड़मानले में बकरी अनुसंधान केंद्र खोलने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद पशुपालन विभाग ने करीब 33 नाली जमीन का चयन किया था. प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने के लिए पंतनगर विश्वविद्यालय के पंतनगर विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन एवं प्रबंध विभाग के डा. आरके शर्मा और डा. एसके सिंह बुधवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। विज्ञानियों ने उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. पंकज जोशी के साथ मड़मानले पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। विज्ञानियों ने अनुसंधान केंद्र के लिए प्रस्तावित स्थल को उपयुक्त पाया।